रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद में पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने एक मुख्य आरक्षी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित मुख्य आरक्षी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार मुख्य आरक्षी संजू कुमार वर्तमान में जनपदीय सुरक्षा, कमिश्नरेट वाराणसी में ड्यूटी पर तैनात थे। समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ड्यूटी अवधि में वह अपने नियुक्त स्थान से अनुपस्थित रहे तथा अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता बरती। मामले को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दण्ड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत विभागीय जांच संस्थित करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा गैर-जिम्मेदाराना आचरण पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आजमगढ़ पुलिस ने दोहराया है कि कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और अनुशासित पुलिसिंग के प्रति विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।