रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में फर्जी अभिलेख तैयार कर शासकीय अनुदान हड़पने के चर्चित मदरसा गबन प्रकरण में अतरौलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित महिला अभियुक्ता रेनू यादव को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पुलिस के अनुसार, राज्य विशेष अनुसंधान दल (ईओडब्ल्यू) की जांच में मदरसा फैजेकौशर निस्बां, रूकुमलपुर (अतरौलिया) के प्रबंधक एवं शिक्षकों द्वारा आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें वास्तविक अभिलेख के रूप में इस्तेमाल करते हुए शासकीय अनुदान प्राप्त करने और सरकारी धन के गबन का मामला सामने आया था। वहीं इस संबंध में 19 मार्च 2025 को थाना अतरौलिया में मुकदमा संख्या 0095/2025 धारा 409, 420, 467, 468 और 471 भादवि के तहत रियाज अहमद, किरन पाल, रेनू यादव एवं अनवार अहमद के विरुद्ध अभियोग दर्ज किया गया था। सोमवार को उपनिरीक्षक विश्राम गुप्ता अपनी टीम के साथ अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वांछित अभियुक्ता रेनू यादव (35 वर्ष) को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला मूल रूप से अम्बेडकर नगर जनपद की निवासी है। आगे पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और शासकीय धनराशि के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।