रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन करने वाले युवकों के खिलाफ निजामाबाद पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में इंस्टाग्राम के माध्यम से समूह बनाकर क्षेत्र में घूमने और भय का माहौल बनाने वाले युवकों को चिन्हित किया गया।पुलिस जांच में “mr_jai_7177” नामक इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े कई युवकों की पहचान की गई, जो झुंड में क्षेत्र में भ्रमण कर सोशल मीडिया पर अपनी गतिविधियों का प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने संबंधित युवकों को उनके अभिभावकों एवं बाल कल्याण अधिकारी की उपस्थिति में थाना परिसर बुलाकर काउंसलिंग की तथा कानून व्यवस्था, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। कार्रवाई के दौरान आशीष चौहान (20 वर्ष) और कृष्णा चौहान (19 वर्ष) के विरुद्ध बीएनएस की धारा 126, 135 और 170 के तहत चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही अभियान के दौरान दो बाइकों को भी सीज किया गया। निजामाबाद पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने, दबंगई दिखाने अथवा आम जनता में भय का माहौल पैदा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं इस अभियान में साइबर टीम के उपनिरीक्षक दिलीप आनंद, उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय, कांस्टेबल राकेश यादव तथा कांस्टेबल संदेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।