रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के बड़ैला ताल में शनिवार शाम एक युवती का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी सड़-गल चुका था और कंकाल अवस्था में मिला। शव का सिर गायब होने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। पुलिस जांच में मृतका की पहचान मेंहनगर थाना क्षेत्र के नई गांव निवासी ममता (24) के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी मनोज यादव उर्फ मुरहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। वहीं पुलिस के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी मनोज यादव उर्फ मुरहा और ममता के बीच पिछले डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध थे। 22 मई की रात ममता अपने घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उसकी मां गीता देवी ने 19 जून को मेंहनगर थाने में तहरीर देकर मनोज यादव पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। मेंहनगर थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि 22 मई को दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान धक्का लगने से ममता की मौत हो गई। घबराकर उसने शव को जहानागंज क्षेत्र के बड़ैला ताल में झाड़ियों के बीच छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस शनिवार को बड़ैला ताल पहुंची, जहां से युवती का शव बरामद किया गया। शव की हालत बेहद खराब थी और वह लगभग कंकाल में तब्दील हो चुका था। मृतका के चाचा छोटेलाल राजभर ने बताया कि शव का धड़ बरामद हुआ है, लेकिन सिर अभी तक नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।