
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा ग्राम के सवाई मोहल्ले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, सवाई मोहल्ला निवासी अशफाक का छह वर्षीय पुत्र युसूफ अन्य बच्चों के साथ पोखरे के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पोखरे के गहरे पानी में जा गिरा। साथ खेल रहे बच्चों ने घटना होते ही शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद युसूफ को पानी से बाहर निकाला। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं ग्रामीणों के अनुसार, युसूफ दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद सवाई मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और क्षेत्र के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
