रिपोर्ट_____राजू कुमार

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन अगया गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दो महिलाओं समेत एक युवक घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की शशिकला चौबे पत्नी धर्मेंद्र चौबे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे पुरानी जमीनी रंजिश के चलते रामप्रसाद चौबे, उनके पुत्र चंदन, रोशन और अंकिल लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी तथा अन्य हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने घर का ताला तोड़ने का प्रयास किया और विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं संतरा देवी पत्नी सुरेंद्र प्रसाद भी हमले में घायल हो गईं। परिजनों का आरोप है कि उनके सिर पर वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और पैर की पायल भी छीन ली गई। पीड़ित पक्ष के इंद्रजीत चौबे के अनुसार, विवादित मकान की रजिस्ट्री वर्ष 2024 में उनके पक्ष में हुई थी और वे लंबे समय से उस पर काबिज हैं। उनका आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने बाद में कथित तौर पर फर्जी तरीके से दूसरी रजिस्ट्री कराकर मकान पर कब्जा करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि घटना के समय घर के पुरुष सदस्य बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। वहीं घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग घर का ताला तोड़ते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं इस पूरे मामले पर थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है।