
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव में मंगलवार की रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने पहुंचे दो युवकों पर अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर निवासी अगस्त त्रिपाठी के यहां से मंगलवार की रात बारात मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव आई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण लहुआ कला नसीरपुर निवासी युवती का विवाह उसके नाना लालजी दुबे के घर से कराया जा रहा था। युवती के भाई गौरव पाण्डेय ने अपने मित्र आनंद राजभर, निवासी सराय (थाना देवगांव), को भी शादी समारोह में आमंत्रित किया था। बताया जा रहा है कि शादी के दौरान भोजन करते समय आनंद राजभर का कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उसने खुद को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए अपने गांव के साथियों को बुलाया। सूचना मिलने पर सराय गांव निवासी प्रीतेश राजभर (20) और ओटू राजभर (26) मौके पर पहुंचे। वहीं आरोप है कि दोनों युवक गांव पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनाजपुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रीतेश की स्थिति लगातार बिगड़ने पर उसे हायर सेंटर भेजा गया, लेकिन निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक प्रीतेश राजभर के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी मां का इकलौता बेटा था और परिवार में उसकी दो छोटी बहनें हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। वहीं घायल ओटू राजभर का अस्पताल में उपचार जारी है।
शव लेकर थाने पहुंचे परिजन, पुलिस ने कराया शांत
वहीं घटना के बाद आक्रोशित परिजन मृतक का शव लेकर मेंहनाजपुर थाने पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस बोली— विवाद के एंगल से हो रही जांच
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला शादी समारोह के दौरान हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हमलावरों की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
