
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में एक व्यक्ति भगवान श्रीराम के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की। पूरे मामले की जानकारी मिलते ही रौनापार थाना पुलिस सक्रिय हुई और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान जितेंद्र पासवान, निवासी ग्राम ओढ़रा सलेमपुर, थाना रौनापार के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म, देवी-देवता या धार्मिक आस्था के विरुद्ध आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो संज्ञान में आया था, जिसमें एक व्यक्ति देवी-देवताओं के संबंध में अभद्र टिप्पणी करता दिखाई दे रहा था। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचने की अपील की है।
