
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान भोजन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीत यादव उर्फ भन्टा को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध .315 बोर का तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार तड़के करीब 1:40 बजे थाना मेंहनाजपुर पुलिस करसड़ा नहर पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवार की तलाश में चेकिंग कर रही थी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।
शादी में खाने को लेकर हुआ था विवाद, युवक की गई थी जान
पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई की रात ग्राम डंडवल में आयोजित एक शादी समारोह में भोजन करने की बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि अजीत यादव उर्फ भन्टा अपने साथियों के साथ मिलकर प्रीतोष राजभर और ओटू राजभर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में प्रीतोष राजभर के सिर में गंभीर चोट आई और उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वहीं इस मामले में मृतक की मां चन्द्रकला की तहरीर पर थाना मेंहनाजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी के रूप में अजीत यादव उर्फ भन्टा का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस से हुई पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई आशीष यादव और अन्य साथियों के साथ शादी समारोह में गया था। भोजन को लेकर विवाद बढ़ने पर सभी ने मिलकर प्रीतोष और ओटू राजभर की पिटाई कर दी, जिससे प्रीतोष की मौत हो गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस पर फायरिंग भी की। युवक के पास से अवैध देशी तमंचा (.315 बोर),एक जिंदा कारतूस,एक मिस कारतूस,तीन खोखा कारतूस ,एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अजीत यादव उर्फ भन्टा के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, बलवा समेत विभिन्न धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और पुलिस पर फायरिंग सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
