रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में स्कूल जा रहे मासूम बच्चों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 9 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव कार्य चलाकर बच्चों को बस से बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह दर्दनाक हादसा आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनारसपुर तिराहे के पास गुरुवार सुबह हुआ। जामिया फैजेआम, देवगांव की स्कूल बस रोज की तरह बच्चों को लेकर जा रही थी। तभी अचानक चालक का बस से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में बैठे बच्चे अपनी सीटों से उछल पड़े और चीख-पुकार मच गई। वहीं बच्चों की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। क्रेन मंगाकर पलटी हुई बस को सीधा कराया गया और उसमें फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।इस हादसे में गंभीर रूप से घायल 9 वर्षीय छात्र युनूस बेलाल खान, निवासी बनारसपुर, को तत्काल सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं हादसे में घायल अन्य बच्चों का उपचार अस्पताल में जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडेय के अनुसार, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।