
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले की सगड़ी तहसील के महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र में दो दिन से लापता एक किसान का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह महुला-गढ़वल बांध के किनारे शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक की पहचान जयप्रकाश यादव (42 वर्ष) पुत्र गुलाब, निवासी ग्राम नौबरार देवारा जदीद किता दोयम, थाना महाराजगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक जयप्रकाश यादव 12 जुलाई को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने देवारांचल पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। इसके बाद परिवार और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे। मंगलवार सुबह करीब 7:40 बजे औघड़गंज बाजार से लगभग 100 मीटर पूर्व महुला-गढ़वल बांध के किनारे एक शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही महाराजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पहचान होने पर पता चला कि शव लापता जयप्रकाश यादव का है। वहीं शव मिलने की सूचना जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। जयप्रकाश यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
