
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय ठग एवं चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध बदमाश अवैध असलहे के साथ बाग लखराव पुलिया के रास्ते शहर की ओर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों बदमाशों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में राजेश यादव (24 वर्ष), निवासी शंकरपुर, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी विजय यादव (36 वर्ष), निवासी केशरवां, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर भागने का प्रयास करते हुए पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
सदर अस्पताल से चोरी हुई बाइक भी बरामद
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को सदर अस्पताल परिसर से देवदत्त गोंड की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। मुठभेड़ के दौरान आरोपियों के कब्जे से बरामद स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल इसी चोरी की घटना से संबंधित बताई जा रही है।
तमंचा और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
17 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर है घायल आरोपी
पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी राजेश यादव के खिलाफ गाजीपुर, मऊ, मिर्जापुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी, ठगी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विजय यादव के विरुद्ध भी कोतवाली आजमगढ़ में संबंधित मुकदमों में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम शामिल रही।
