रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद में अपराध पर लगाम कसने के लिए आजमगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति और जिला मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार की स्वीकृति के बाद आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त दो शस्त्र धारकों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, जिन लोगों के विरुद्ध गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और जिनकी गतिविधियों से कानून-व्यवस्था व जनसुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है, उनके पास शस्त्र रखना जनहित के विरुद्ध पाया गया। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई।

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक 42 शस्त्र लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए जा चुके हैं, जबकि उनके कार्यकाल में अब तक कुल 51 शस्त्र लाइसेंस निलंबित/निरस्त किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

इन दो शस्त्र धारकों के लाइसेंस हुए निरस्त

मोहम्मद अबुबकर, निवासी गौसपुर, थाना निजामाबाद। इनके विरुद्ध मारपीट, धमकी और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। शाहिद हसन, निवासी पुरा रानी, थाना मुबारकपुर। इनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, बलवा, तोड़फोड़, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इस पूरे मामले में एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद में अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिन लोगों के पास शस्त्र होने से आम जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को खतरा उत्पन्न होने की संभावना होगी, उनके विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।