रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कंजरा दिलशादपुर गांव निवासी 60 वर्षीय रामलखन चौहान की रविवार सुबह शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पिता की मौत के बाद उनकी बेटी अनीता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी और आरोप लगाया कि उनके पिता को जहर देकर मारा गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों के अनुसार, रामलखन चौहान पिछले करीब एक सप्ताह से बीमार चल रहे थे और उनका शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। रविवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने के बाद बेटी अनीता ने पिता की मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस को सूचना दी।

बताया गया कि रामलखन चौहान ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी राजमती से उनके दो बेटे और एक बेटी हैं, जबकि दूसरी पत्नी संध्या से दो बेटियां हैं। परिजनों के मुताबिक, रामलखन पिछले करीब 12 वर्षों से अपने भतीजे चंद्रशेखर के साथ रह रहे थे। वहीं बेटी द्वारा जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

वहीं इस पूरे मामले पर SO जीयनपुर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रामलखन की मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।