
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव से कांवड़ लेकर जल लेने गए दो युवकों की बाइक रविवार देर रात वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित कैथी टोल प्लाजा के पास हादसे का शिकार हो गई। सामने से आए बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने 17 वर्षीय संदीप गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी राकेश पुत्र सहंगी का उपचार चल रहा है।
करीब 50 युवक गए थे कांवड़ लेने
जानकारी के अनुसार, रविवार को परसौरा गांव से करीब 50 युवक कांवड़ लेकर जल लेने गए थे। जल लेकर सभी कांवड़िए वापस लौट रहे थे। रात करीब पौने एक बजे कैथी टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर सामने से आए बाइक सवार ने संदीप और राकेश की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर चितई पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद संदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि राकेश का उपचार जारी है।
पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी पहुंचा शव
संदीप के शव का वाराणसी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण वाराणसी पहुंच गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मौत की खबर से गांव में पसरा मातम
संदीप की मौत की खबर जैसे ही परसौरा गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महज 17 वर्ष की उम्र में युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और गांव का माहौल गमगीन हो गया है।
