
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के कनैला गांव में बुधवार को खेत से काम करके घर लौटे 42 वर्षीय मजदूर फूलचंद पुत्र बेचन राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर पहुंचने के कुछ देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। घबराहट के साथ सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में अतरौलिया स्थित 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, फूलचंद बुधवार सुबह करीब आठ बजे खेत में मजदूरी करने गए थे। कुछ देर बाद वह घर लौटे। घर पहुंचने के बाद उन्हें अचानक घबराहट होने लगी और सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। देखते ही देखते उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र अर्पित समेत अन्य परिजनों ने आशंका जताई कि खेत में काम करने के दौरान किसी जहरीले जंतु ने फूलचंद को काट लिया होगा। हालांकि, अभी तक मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
फूलचंद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सूर्यकीर्ति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो पुत्र अर्पित और अर्जित तथा दो पुत्रियां निशा और नीलू हैं। परिजनों के अनुसार, फूलचंद की कमाई से ही घर का खर्च चलता था। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
