रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के भदुली बाजार में मिल्कीपुर मोड़ के पास मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए सेंधमारी की। चोर दो दुकानों से करीब 12 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए, जबकि तीसरी दुकान अभी शुरू नहीं हुई थी, जिसके चलते वहां से चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा।

बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालकों ने दीवार में सेंध और सामान बिखरा देखा तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

चोरों ने भदुली बाजार में एक पैथोलॉजी सेंटर, एक क्लीनिक और एक फास्ट फूड की दुकान को निशाना बनाया। पैथोलॉजी सेंटर के संचालक जितेंद्र पाठक के अनुसार, चोर दुकान के ड्रॉअर में रखे करीब 8 हजार रुपये निकाल ले गए। वहीं दूसरी दुकान से करीब 4 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

तीसरी दुकान फास्ट फूड की थी, जो अभी शुरू नहीं हुई थी। ऐसे में वहां न तो नकदी थी और न ही ऐसा सामान जिसे चोर ले जा सकें। इसके चलते चोरों को वहां से कुछ हाथ नहीं लगा।

एक ही रात में तीन दुकानों में सेंधमारी से भदुली बाजार के दुकानदारों में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।

थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि तीन दुकानों में सेंध लगाने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।