रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायमीर पुलिस ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं में सक्रिय गैंग लीडर समेत दो आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंग लीडर शाकिब उर्फ रियाजू और उसके साथी लालमन के विरुद्ध थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 215/2026 के तहत धारा 2(ख)(1)/3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी संगठित गैंग बनाकर चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देते थे और इनके जरिए आर्थिक, भौतिक एवं दुनियाबी लाभ अर्जित करते थे। पूर्व में विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया गया था।

पुलिस के मुताबिक गैंग लीडर शाकिब पुत्र रियाजूद्दीन उर्फ रियाजू, निवासी नई बाजार, थाना सरायमीर के खिलाफ आजमगढ़ जिले में चोरी, नकबजनी, अवैध शस्त्र, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम समेत कुल 08 अभियोग दर्ज हैं।

वहीं गैंग सदस्य लालमन पुत्र हरिनाथ, निवासी खरेवा, थाना सरायमीर के खिलाफ चोरी, नकबजनी और आबकारी अधिनियम से संबंधित कुल 04 अभियोग पंजीकृत हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गैंग की गतिविधियों को देखते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि अपराध में संलिप्त गैंगों और उनके सदस्यों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।