रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में 20 अगस्त को हुई महिला अकबरी की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए 22 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती चोरी की नीयत से अकबरी के घर में घुसी थी। महिला ने उसे चोरी करते देख लिया और विरोध किया। इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई। महिला के बेहोश होने के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी ने किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उसका गला रेत दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
घर में अकेली थी अकबरी
पुलिस के मुताबिक, ग्राम बरदह निवासी अकबरी अपने दो बच्चों के साथ घर पर रहती थी। उसका पति ताहिर और बड़ा बेटा समीर मुंबई में रहते हैं। 20 अगस्त को अकबरी की हत्या की सूचना मिलने पर उसके पिता मुस्तफा मौके पर पहुंचे। अकबरी घर में मृत अवस्था में मिली थी। प्रथम दृष्टया गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आने पर बरदह थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
चोरी के इरादे से घर में घुसी थी युवती
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को 22 वर्षीय बबिता गोंड पर संदेह हुआ। पुलिस के अनुसार, बबिता का अकबरी के घर आना-जाना था और उसे पता था कि अकबरी घर में रुपये रखती है।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार बबिता ने बताया कि 20 अगस्त को वह अकबरी के घर पहुंची और कमरे में रखे रुपये चोरी करने लगी। इसी दौरान अकबरी छत से कमरे में आ गई और उसने बबिता को चोरी करते देख लिया। विरोध करने पर दोनों में हाथापाई हुई। बाल खींचने के दौरान अकबरी चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हो गई।
पकड़े जाने के डर से कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, अकबरी के बेहोश होने के बाद बबिता डर गई कि घटना का खुलासा हो जाएगा। इसके बाद उसने किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अकबरी का गला रेत दिया और वहां से निकलकर अपने घर चली गई। घटना में प्रयुक्त चाकू को उसने अपने घर के पास करकट में छिपा दिया था।
पुलिस ने पूछताछ के बाद बबिता गोंड पुत्री जय प्रकाश गोंड निवासी ग्राम बरदह को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को 22 अगस्त को सुबह करीब 7:15 बजे हिरासत में लिया।
पुलिस टीम ने किया घटना का खुलासा
घटना के अनावरण में बरदह थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार के नेतृत्व में हे.का. कमलेश प्रसाद, रिजर्व आरक्षी वेद व्यास तिवारी, रिजर्व महिला आरक्षी अंकिता सिंह और रिजर्व महिला आरक्षी बीनू सिंह शामिल रहे।
पंजीकृत मुकदमा: मु.अ.सं. 289/2026, धारा 103(1)/333 बीएनएस, थाना बरदह, आजमगढ़।
गिरफ्तार अभियुक्ता: बबिता गोंड, उम्र करीब 22 वर्ष।
बरामदगी: घटना में प्रयुक्त एक चाकू।

