
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के नत्थूपुर अंजान शहीद स्थित शहीद पार्क में कारगिल शहीद रामसमुझ यादव की 26वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद मेला एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर शहीद रामसमुझ यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सेनाध्यक्ष वीपी मलिक ने शहीद रामसमुझ यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवानों में देश के प्रति जो जज्बा और समर्पण है, वह दुनिया की किसी भी सेना में देखने को नहीं मिलता। भारतीय सेना हर चुनौती का सामना करने में पूरी तरह सक्षम है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने देशभक्ति गीत, नाटक और कारगिल युद्ध पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया और शहीदों के बलिदान की याद दिलाई।
35 शहीद परिवारों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सेनाध्यक्ष वीपी मलिक ने पूर्वांचल के 35 शहीद परिवारों को सम्मानित किया। शहीद परिवारों के सम्मान से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने भी भावुक होकर वीर जवानों के बलिदान को नमन किया।
वहीं, आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कारगिल शहीद रामसमुझ यादव की स्मृति में बनाए गए म्यूजियम का उद्घाटन किया। म्यूजियम के माध्यम से शहीद के जीवन, उनके बलिदान और देशसेवा की स्मृतियों को संजोने का प्रयास किया गया है।
भोजपुरी कलाकारों ने बांधा समां
कार्यक्रम के अंतिम चरण में भोजपुरी कलाकार समर सिंह और खुशी कक्कड़ ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उनके गीतों पर दर्शक जमकर झूमे। पूरा शहीद पार्क देशभक्ति और उत्साह के माहौल से सराबोर नजर आया।
शहीद मेले के माध्यम से एक बार फिर लोगों ने कारगिल शहीद रामसमुझ यादव के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर जवानों को नमन किया।
