रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। बिलरियागंज-रौनापार बॉर्डर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे एक अस्पताल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के करमैनी गांव में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे “पूर्वांचल अस्पताल” को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण के बाद सील कर दिया। अस्पताल में गंभीर मरीजों के इलाज और ऑपरेशन किए जाने की शिकायत मिलने के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अस्पताल का संचालन बिना स्वास्थ्य विभाग में पंजीकरण के किया जा रहा है। साथ ही निर्धारित चिकित्सकीय योग्यता वाले चिकित्सकों के माध्यम से इलाज किए जाने और गंभीर मरीजों का उपचार एवं ऑपरेशन किए जाने की भी शिकायत की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया और टीम को मौके पर भेजकर अस्पताल का गहन निरीक्षण कराया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल का स्वास्थ्य विभाग में पंजीकरण नहीं पाया गया। इसके अलावा अस्पताल का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं होना भी सामने आया।

अनियमितताएं मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन लाल की मौजूदगी में पूर्वांचल अस्पताल को सील कर दिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई टीम में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन लाल, वरिष्ठ सहायक चिकित्साधिकारी धीरेन्द्र शुक्ला और जिला अस्पताल आजमगढ़ के सहायक कम्प्यूटर ऑपरेटर बृजेश सिंह शामिल रहे।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया है कि जनपद में आमजन की सुरक्षा और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।