
रिपोर्ट_____आशीष
आजमगढ़। अतरौलिया क्षेत्र के तेजापुर गांव में बुधवार को अचानक हुए भीषण भू-धंसाव से हड़कंप मच गया। किसान सुदामा यादव के ट्यूबवेल परिसर में देखते ही देखते जमीन करीब 15 फीट नीचे धंस गई। इस दौरान ट्यूबवेल का कमरा, बाइक, दो साइकिलें, चार बोरी खाद, अनाज, इलेक्ट्रिक मोटर, पंखा समेत अन्य सामान गहरे गड्ढे में समा गया। घटना में किसान को करीब सवा से डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
बताया गया कि सुदामा यादव ने वर्ष 2000 में अपने खेत में बोरिंग कराकर उसके ऊपर कमरा बनवाया था। पिछले कुछ दिनों से बारिश के मौसम में बोरिंग के पाइप के आसपास जमीन के नीचे से पानी का हल्का रिसाव देखा जा रहा था। बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे तक ट्यूबवेल सामान्य रूप से चलाकर हौज भरा गया था।
इसके बाद दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच सुदामा यादव मवेशियों को पानी पिलाने के लिए दोबारा ट्यूबवेल की ओर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। ट्यूबवेल परिसर की पूरी जमीन अचानक नीचे धंस चुकी थी और करीब 15 फीट गहरा विकराल गड्ढा बन गया था।
एक झटके में मलबे में समा गया पूरा सामान
सुदामा यादव के पुत्र शुभम यादव ने बताया कि अचानक जमीन धंसने से ट्यूबवेल के कमरे में रखा सामान भी गड्ढे में चला गया। बाइक, दो साइकिलें, खेत में इस्तेमाल के लिए रखी गई चार बोरी रासायनिक खाद, अनाज, पंखा और इलेक्ट्रिक मोटर समेत अन्य सामान मलबे और पानी के नीचे दब गया।
गड्ढा इतना गहरा है कि ऊपर से बाइक का कुछ हिस्सा ही दिखाई दे रहा था, जबकि बाकी सामान कई फीट नीचे जमींदोज हो चुका है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में दहशत का माहौल है।
मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
ट्यूबवेल परिसर में जमीन धंसने की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने भी घटना को लेकर चिंता जताई और भू-धंसाव के कारणों की जांच की मांग की।
पीड़ित किसान ने घटना की जानकारी ग्राम प्रधान को दे दी है। किसान और ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन एवं राजस्व विभाग से मौके का निरीक्षण कराकर भू-धंसाव के कारणों का पता लगाने तथा आर्थिक नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
फिलहाल अचानक हुए इस भू-धंसाव को लेकर ग्रामीणों में दहशत है और प्रशासन की जांच के बाद ही जमीन धंसने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
