
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बस को जानबूझकर टक्कर मारने के मामले में पवई पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की रात किलोमीटर संख्या 191 के पास पिकअप चालक ने तेज गति और लापरवाही से रोडवेज बस में टक्कर मार दी थी। हादसे में बस चालक समेत एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि कई यात्री घायल हुए थे।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पिलर से जा टकराई थी। घटना के संबंध में थाना पवई में मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 के तहत धारा 281, 125A, 125B और 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पिकअप चालक संतोष राजभर पुत्र रामआशीष राजभर निवासी करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर का नाम सामने आया।
इलाज के बहाने पुलिस से बचने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, घटना में घायल संतोष राजभर उपचार के लिए सीएचसी अहरौला पहुंचा था, जहां से उसे जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर किया गया। इसके बाद वह पुलिस से बचने के लिए गाजीपुर चला गया और वहां अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने लगा।
पुलिस ने पतारसी-सुरागरसी करते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई जहानागंज, आजमगढ़ रेफर कराया। यहां उपचार के दौरान 1 सितंबर 2026 की शाम 7:45 बजे पुलिस ने उसे अभिरक्षा में ले लिया।
बस में टक्कर मारने की बताई वजह
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रास्ते में रोडवेज बस के चालक, परिचालक और यात्रियों द्वारा उसे उल्टा-सीधा कहा गया था। इससे वह नाराज हो गया और गुस्से में उसने पिलर संख्या 191 के पास रोडवेज बस को जान से मारने की नीयत से पिकअप से जानबूझकर टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद रोडवेज बस और पिकअप दोनों अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में बस चालक रजनीकान्त यादव और एक अज्ञात महिला की मौत हो गई थी।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 10 मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संतोष राजभर का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, कांस्टेबल राबिन सिंह, कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार और कांस्टेबल पुष्कर सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी का चालान न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
