रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आजमगढ़ जिले के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के परशुरामपुर बाजार में भारतीय जनता पार्टी का कैंप कार्यालय शुरू किया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर शंकरपुर के बूथ अध्यक्ष प्रेमराम ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इससे पहले विधिवत पूजन-अर्चन और हवन भी किया गया।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के नेता जयनाथ सिंह ने कहा कि इस कैंप कार्यालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनना और उनका समाधान कराने का प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए आजमगढ़ मुख्यालय तक जाने की आवश्यकता न पड़े, इसी उद्देश्य से कार्यालय खोला गया है।जयनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने समाज सेवा का जो संकल्प लिया है, उसे इसी कार्यालय के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा, “जनता सेवा ही सर्वोपरि है। गोपालपुर विधानसभा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं और सम्मानित जनता की सेवा के लिए मैं यहीं उपलब्ध रहूंगा।”

उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कार्यालय के शुभारंभ को शुभ बताते हुए कहा कि सनातन धर्म के लिए यह बेहद पवित्र दिन है। इसी शुभ अवसर पर पूजन, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के बाद भाजपा के विधानसभा कैंप कार्यालय का शुभारंभ किया गया। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर जयनाथ सिंह ने भाजपा की जीत का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि जिले की सभी दसों विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की जीत की संभावना है और गोपालपुर विधानसभा में भाजपा प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने इस बार गोपालपुर विधानसभा में भाजपा को जिताने का संकल्प लिया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा, इसका निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। जयनाथ सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने के लिए तैयार हैं। कैंप कार्यालय के माध्यम से क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद कायम करने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णपाल जी, जिला अध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर व कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।