
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की नीतियों के विरोध में शुक्रवार को आजमगढ़ शहर में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया गया। ‘देश बचाओ, भविष्य बनाओ’ के बैनर तले जुटे लोगों ने पहले बेजुबान जीवों को दाना-पानी और भोजन कराया, इसके बाद ‘UGC गो-बैक’ के नारे लगाते हुए शिक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर सेवा कार्य के साथ किए गए इस विरोध प्रदर्शन की लोगों के बीच चर्चा रही।
प्रदर्शन के दौरान आयोजकों ने कहा कि बेजुबान जीवों को भोजन कराने के माध्यम से समाज को एक संदेश देने का प्रयास किया गया है। आलोक सिंह ने कहा कि एक आवाज पर सैकड़ों बेजुबान जीव भोजन के लिए एकत्र हो जाते हैं, लेकिन शिक्षा और युवाओं के भविष्य जैसे गंभीर मुद्दों पर समाज को अभी और जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ‘UGC गो-बैक’ के संदेश के साथ नागरिकों से अपील है कि वे शिक्षा व्यवस्था को बेहतर और जवाबदेह बनाने के लिए अपनी आवाज बुलंद करें।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर जताई चिंता
समाजसेवी डीएन सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखना केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को लोकतांत्रिक तरीके से सामने रखना है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए समाज को एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
सेवा और जनजागरूकता को जोड़कर जारी रहेगा अभियान
वहीं मीना राय ने कहा कि सेवा कार्य और जनजागरूकता को जोड़कर विरोध दर्ज कराने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर जागरूक रहने तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। अन्य वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और देश के भविष्य की बुनियाद है। ऐसे में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े नीतिगत निर्णयों को लेकर नागरिकों का जागरूक और सजग रहना जरूरी है। आयोजकों के मुताबिक प्रदर्शन का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर जागरूकता पैदा करना भी है।
ये लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में देवनाथ सिंह, आलोक सिंह, ओंकार पाठक, मीना राय, माधुरी त्रिपाठी, वर्षम सिंह, संतोष सिंह, युवराज सिंह, राहुल सिंह, अवनीश, गुलाब चौरसिया, अनूप सिंह और ओमशी बरनवाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
