
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में छात्रों के लगातार लग रहे इयर बैक और रिजल्ट में सामने आ रही त्रुटियों को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। विभाग संयोजक गौरव प्रताप शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान विभाग संयोजक गौरव प्रताप शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन और परीक्षा विभाग की कथित लापरवाही का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। रिजल्ट में त्रुटियों और इयर बैक की समस्या के कारण कई विद्यार्थियों का पूरा शैक्षणिक वर्ष प्रभावित होने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे को लेकर विद्यार्थी परिषद लगातार आवाज उठाएगी।
तीन दिन का दिया समय
ABVP कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों के रिजल्ट और इयर बैक से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए तीन दिन का समय दिया है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर समस्याओं का उचित समाधान नहीं किया गया तो विश्वविद्यालय परिसर में बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन जिम्मेदार होगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने परीक्षा विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के रिजल्ट में हुई त्रुटियों को जल्द दूर करने और इयर बैक की समस्या का समाधान करने की मांग की।
इस दौरान विभाग संगठन मंत्री सात्विक श्रीवास्तव, आलोक मिश्रा, शिवम गोस्वामी, सितारा कुमारी और अनुराग गोस्वामी समेत बड़ी संख्या में ABVP पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पीड़ित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
