
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अहरौला क्षेत्र के मतलूपुर गांव में सड़क और नाली की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने विरोध जताने का अनोखा तरीका अपनाया। ग्रामीणों ने कई घरों पर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगा दिए। पोस्टर लगे मकानों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं, जिसके बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में घरों के सामने सड़क और नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी घरों के आसपास जमा हो जाता है। इससे आवागमन के साथ ही लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
समस्या से नाराज ग्रामीणों ने अपने घरों पर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगाकर जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क और जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया तो वे अपने मकान बेचकर गांव छोड़ने को मजबूर होंगे।
पोस्टर लगाए जाने के बाद बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद गांव की सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई है।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए सड़क निर्माण, नाली निर्माण और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
