रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा-पाठ के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के पीछे परिवार से जुड़ा पुराना विवाद भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस परिवार में वर्ष 2019 में हुई एक हत्या का मामला आज तक गहरे जख्म की तरह मौजूद था। इसी घटना में अरविंद सिंह के सगे भाई सुनील सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुनील सिंह मुंबई में बाला साहेब ठाकरे के पीआरओ के तौर पर कार्यरत थे।

परिजनों के अनुसार, सुनील सिंह की हत्या के मामले में अरविंद के चचेरे भाई मनीष और अवनीश को आरोपी बनाया गया था। दोनों जेल में बंद थे और करीब डेढ़ माह पहले ही जेल से बाहर आए थे। परिवार के लोगों के मुताबिक, इस पुराने विवाद के कारण घर में लंबे समय से तनाव का माहौल बना हुआ था।

सुनील सिंह की पत्नी के भाई सूरज सिंह ने बताया कि सुनील की पत्नी बबिता और मनीष के बीच कथित प्रेम संबंध को लेकर विवाद था। उनका कहना है कि इस संबंध की जानकारी होने के बाद सुनील सिंह ने मनीष के खिलाफ चोरी, छिनैती और छेड़खानी समेत कई मुकदमे दर्ज कराए थे। इसी मामले में मनीष और अवनीश को अदालत से सजा भी हुई थी। बाद में वर्ष 2019 में दोनों जमानत पर बाहर आए और आरोप है कि इसी दौरान सुनील सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

आत्मा परेशान करने की बात कहकर शुरू कराया गया था पूजा-पाठ

परिवार के लोगों के अनुसार, हाल के दिनों में घर में लगातार तनाव और परेशानी बनी हुई थी। इसी दौरान अरविंद सिंह की पत्नी बबिता और उसकी मां ने पंडितों से संपर्क किया। बताया गया कि पंडितों ने सुनील सिंह की आत्मा के कारण परिवार में परेशानी होने की बात कही। इसके बाद घर में पूजा-पाठ कराने का निर्णय लिया गया।

बताया जा रहा है कि सोमवार से घर में पूजा-पाठ चल रहा था। अरविंद ने पंडितों को अगले दिन घर नहीं आने की चेतावनी भी दी थी। इसके बावजूद मंगलवार शाम जब वह बाजार से घर लौटा तो उसने घर में पूजा होते देखा। इससे वह नाराज हो गया और पंडितों से विवाद करने लगा।

आधार कार्ड मांगने पर बढ़ा विवाद

बताया गया कि अरविंद ने पंडितों को अपशब्द कहे और उनसे आधार कार्ड मांगने लगा। इसी बात का उसकी पत्नी बबिता ने विरोध किया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

परिजनों के अनुसार, इसी दौरान अरविंद ने पत्नी से कहा कि “तेरे चक्कर में मेरे भाई की हत्या हो गई और तुम ड्रामा कर रही हो।” इसके बाद उसने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।

गोलीबारी में उसकी पत्नी बबिता समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं और पुराने विवाद से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।