रिपोर्ट____अरुण यादव 

आजमगढ़। नगर के राजघाट पर बुधवार को बेहद मार्मिक दृश्य देखने को मिला। अहरौला के शंभूपुर गांव में हुई दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले मां, पिता और उनके बेटे का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। तीनों शवों को एक ही स्थान पर अगल-बगल चिताओं पर रखा गया तो वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
अंतिम संस्कार के दौरान बीच में बेटे का शव रखा गया, जबकि उसके एक तरफ मां और दूसरी तरफ पिता की चिता सजाई गई। परिवार और रिश्तेदारों के बीच मातम पसरा रहा। हर किसी की आंखें नम थीं और माहौल बेहद गमगीन था।

इसी दौरान मृतक अरविंद के बड़े भाई सुनील सिंह की बेटी वर्षा सिंह राजघाट पहुंचीं। वर्षा ने अपने चाचा, चाची और भाई को मुखाग्नि दी। एक साथ परिवार के तीन सदस्यों को मुखाग्नि देते हुए वर्षा को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।
घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अंतिम संस्कार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को देखते हुए राजघाट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे।
शंभूपुर गांव में हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद गांव से लेकर राजघाट तक मातम का माहौल बना रहा।