रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर में दुकान पर बैठे एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के बाद पहुंचे हमलावरों ने युवक की गर्दन पर चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर निवासी गुड्डू कुमार सोनकर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 30 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे उनका भाई मनोज सोनकर अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान राहुल मोदनवाल और एक अज्ञात युवक के बीच विवाद हो रहा था। मनोज ने बीच-बचाव करते हुए दोनों को समझाया और वहां से जाने के लिए कहा।

वहीं आरोप है कि कुछ देर बाद राहुल चाकू लेकर दोबारा दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान मिंटू और अमित मोदनवाल के कहने पर राहुल ने मनोज की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसके मित्र संगम की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। मामले में गुड्डू कुमार सोनकर की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने राहुल मोदनवाल, मिंटू मोदनवाल और अमित मोदनवाल समेत एक अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं इस संबंध में सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।