रिपोर्ट_____हरिवंश चतुर्वेदी

आजमगढ़। जिले के अवंतिकापुरी आवंक धाम स्थित 84 बीघे के विशाल सरोवर में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर होते ही सरोवर में जयकारों के बीच स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह से ही आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचने लगे। कई श्रद्धालु एक दिन पहले ही धाम में जुट गए थे। धार्मिक आस्था और परंपरा के चलते पूरे दिन सरोवर परिसर में चहल-पहल बनी रही। अवंतिकापुरी आवंक धाम में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस पवित्र सरोवर में स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। स्नान के बाद श्रद्धालु यहां स्थित पौराणिक मंदिर में पहुंचकर दर्शन-पूजन करते हैं। इसके साथ ही खिचड़ी दान करने की परंपरा भी निभाई जाती है। मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद मंदिर में मत्था टेका और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

राजा परीक्षित और जनमेजय के सर्प महायज्ञ से जुड़ा है पौराणिक इतिहास

अवंतिकापुरी आवंक धाम का संबंध पौराणिक कथाओं से भी जुड़ा हुआ है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी स्थान पर संदीपन ऋषि का आश्रम हुआ करता था। यहां शमिक ऋषि तपस्या में लीन थे। इसी दौरान भ्रमण करते हुए राजा परीक्षित वहां पहुंचे। शमिक ऋषि को तपस्या में लीन देखकर राजा परीक्षित ने उनसे कुछ पूछा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर नाराज होकर उन्होंने एक मृत सर्प ऋषि के गले में डाल दिया और वहां से चले गए। कुछ समय बाद जब शमिक ऋषि के पुत्र श्रृंगी ऋषि को इस घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने क्रोधित होकर राजा परीक्षित को सर्पदंश से मृत्यु होने का श्राप दे दिया। श्राप के प्रभाव से राजा परीक्षित की मृत्यु हो गई। इसके बाद उनके पुत्र राजा जनमेजय ने अपने पिता की मृत्यु का बदला लेने के लिए सर्प महायज्ञ कराया। इस यज्ञ में एक-एक कर सर्प अग्निकुंड में भस्म होने लगे।पौराणिक कथा के अनुसार, यज्ञ के दौरान भगवान विष्णु की शैया पर विराजमान सर्प को भी खींचकर अग्निकुंड में डालने का प्रयास किया जाने लगा। इसके बाद देवताओं ने हस्तक्षेप कर यज्ञ को रुकवाया। मान्यता है कि जिस स्थान पर यह सर्प महायज्ञ हुआ था, उसका यज्ञकुंड ही वर्तमान में जल सरोवर के रूप में मौजूद है।

मेले में बच्चों के लिए आकर्षण, कृषि उपकरणों की भी हुई बिक्री

कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दर्शन-पूजन के साथ ही अवंतिकापुरी आवंक धाम में मेले जैसा माहौल भी देखने को मिला। सरोवर के आसपास विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी थीं। बच्चों के खिलौनों की दुकानों पर काफी भीड़ रही। बच्चों ने रंग-बिरंगे खिलौने खरीदे और मेले में लगे झूलों का आनंद लिया।

इसके अलावा मेले में कृषि उपकरणों की दुकानें भी लगी थीं, जहां किसानों ने अपनी जरूरत के सामान की खरीदारी की। धार्मिक आस्था, पौराणिक परंपरा और ग्रामीण मेले का अनूठा संगम मंगलवार को अवंतिकापुरी आवंक धाम में देखने को मिला। सुबह से लेकर दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने और स्नान-पूजन का क्रम जारी रहा।