रिपोर्ट____अरुण यादव 

आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र में बुधवार की भोर पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंतरराज्यीय गोतस्कर गिरोह का कथित सदस्य शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, पांच कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2,150 रुपये नकद और चार प्लास्टिक की रस्सियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 नवंबर की रात थाना जहानागंज पुलिस क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य चारपहिया वाहन से क्षेत्र में रेकी करते हुए गुजरने वाले हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम मन्दे बागीचा के पास भुजही नहर पर चेकिंग शुरू कर दी। बुधवार की भोर करीब 3:45 बजे एक संदिग्ध चारपहिया वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान अभियुक्तों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित के बाएं पैर में गोली लग गई। वहीं, उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल शोएब को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

छह जिलों में दर्ज हैं 12 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित पुत्र मोहम्मद तौफीक निवासी खतौली, जनपद मुजफ्फरनगर, हाल पता तारापुरी खुशहाल नगर, थाना वीरमपुरी, जनपद मेरठ तथा मुस्तफा रजा पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी नांगलिया अकिल, थाना अजीम नगर, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। वहीं पुलिस के अनुसार, शोएब के खिलाफ 10 और मुस्तफा रजा के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। इस तरह दोनों के विरुद्ध इटावा, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, कुशीनगर, मैनपुरी और आजमगढ़ में कुल 12 मुकदमे पंजीकृत हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।

रेकी कर कंटेनरों में लदवाते थे प्रतिबंधित पशु

पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करते थे। गिरोह के सदस्य पहले चारपहिया वाहन से सुनसान स्थानों और रास्तों की रेकी करते थे। इसके बाद प्रतिबंधित पशुओं को ट्रक या पिकअप के माध्यम से हाईवे किनारे खड़े कंटेनरों में लदवाकर उत्तर प्रदेश से बिहार और पश्चिम बंगाल तक ले जाते थे और वहां बेचते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पुलिस से बचने के लिए चारपहिया वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगाते थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए अवैध असलहों का भी इस्तेमाल करते थे। अभियुक्तों ने पूर्व में पुलिस टीमों पर फायरिंग करने की बात भी स्वीकार की है।

दो तमंचे, कारतूस और चारपहिया वाहन बरामद

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे .315 बोर, तीन खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की एक चारपहिया गाड़ी, 2,150 रुपये नकद तथा प्रतिबंधित पशुओं को बांधने और परिवहन में इस्तेमाल होने वाली चार प्लास्टिक की रस्सियां बरामद की हैं। वहीं इस मामले में थाना जहानागंज में मु0अ0सं0 245/2026 के तहत धारा 109(1), 352, 351(3) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत है। घटनास्थल का फील्ड यूनिट ने निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कराई गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।मुठभेड़ और गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल दिनकर कुशवाहा, अनिल कुमार, कांस्टेबल ऋषभ तिवारी, अमित कुमार, अनुप कुमार और सचिन साहू शामिल रहे।