
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। पलिया कुंवर नदी के पास पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। शादी के निमंत्रण में शामिल होने जा रहे मां-बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी प्रमिला (45) पत्नी सुशील अपने छोटे बेटे नीरज (19) के साथ बाइक से सरायमीर स्थित अपनी मौसी के घर शादी के निमंत्रण में शामिल होने जा रही थीं। अभी वे पलिया कुंवर नदी के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंची ही थीं कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार और बाइक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।प्रमिला के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे प्रिंस (22), छोटे बेटे नीरज (19) और बेटी रागिनी (26) हैं। हादसे में नीरज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति सुशील पहले मुंबई में रहकर काम करते थे, लेकिन कुछ दिनों से घर पर ही रह रहे थे। जिस घर में शादी के निमंत्रण में शामिल होने की तैयारी चल रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मां और बेटे की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से सैदपुर गांव में भी शोक की लहर है। फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में मां-बेटे की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
