
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही महिला के बैग से ऑटो में रखे सोने के जेवर गायब हो गए। बैग से एक हार, चेन और अंगूठी गायब होने की जानकारी घर पहुंचने पर हुई। जेवरों की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सोहौली गांव निवासी बाला राय (45) पत्नी आलोक राय मंगलवार दोपहर कंधरापुर थाना क्षेत्र के जमीन फरेंदा निवासी अपने मामा श्रवण राय के बेटे के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं। वह बस से नरौली पहुंचीं और वहां से ई-रिक्शा से बवाली मोड़ गईं। बवाली मोड़ पर वह एक ऑटो में सवार हुईं। ऑटो में पहले से दो व्यक्ति बैठे थे। चालक ने उनसे बैग पीछे रखने को कहा। बैग पीछे रखने के बाद जैसे ही ऑटो चलने लगा, दोनों व्यक्ति भी पीछे जाकर बैठ गए। मीरिया पहुंचने पर मोना ऑटो से उतर गईं। वहां उन्हें लेने आए एक युवक के साथ बाइक से घर पहुंचीं। घर पर पानी पीने के बाद जब बैग खोला तो उसमें रखा सोने का हार, चेन और अंगूठी गायब मिली। बाला राय के मामा श्रवण राय ने बताया कि घर में शादी का कार्यक्रम होने के कारण अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। बृहस्पतिवार को कोतवाली में तहरीर दी जाएगी।
