
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के रायपुर काजी मलिक गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में फसल काटने गई 34 वर्षीय महिला का शव गांव की पोखरी में उतराया मिला। महिला अपनी मां के साथ खेत में गई थी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद घर से करीब 200 मीटर दूर पोखरी में उसका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान रायपुर काजी मलिक गांव निवासी दीपा (34) पुत्री स्वर्गीय जगदीश राम के रूप में हुई। दीपा अविवाहित थी और अपने मायके में ही रहती थी। वह तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। परिवार की बड़ी बेटी की अचानक मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को दीपा अपनी मां के साथ खेत में फसल काटने गई थी। कुछ देर बाद वह खेत से घर जाने के लिए निकली, जबकि उसकी मां खेत में ही काम करती रही। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब दीपा घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित गांव की पोखरी में दीपा का शव उतराया दिखाई दिया। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। बेटी की मौत की खबर सुनकर मां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं सूचना मिलने पर मेंहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
