रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट नंबर 13 कुंवर रोहित आनंद की अदालत ने गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार चार अभियुक्तों को रिमांड पर भेज दिया। न्यायालय ने पुलिस मुठभेड़ में एक अभियुक्त सालीम के घायल होने के बावजूद उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन न करने पर पुलिस से स्पष्टीकरण मांगा है। पुलिस मुठभेड़ के मुखिया और पुलिस अधीक्षक को 27 नवंबर तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। थाना जीयनपुर पुलिस ने नौशाद अहमद, सोहराब, अदनान और सालीम को गिरफ्तार किया था। नौशाद, सोहराब और अदनान को न्यायिक हिरासत में रिमांड पर भेजा गया है। अभियुक्त सालीम को दाहिने पैर में गोली लगने के कारण जिला चिकित्सालय में रिमांड पर रखा गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी के प्रयास में मुठभेड़ होने और अभियुक्तों द्वारा गोली चलाने का दावा किया। पुलिस ने मौके से एक अवैध देसी तमंचा, कारतूस, दो गाय, एक बछड़ा, वाहन और अन्य सामग्री बरामद की। न्यायालय ने पाया कि विवेचक ने उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं किया। विवेचक राजू उर्फ राजकुमार बनाम उत्तर प्रदेश राज्य मामले में दिए गए निर्देशों पर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।

उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन

उच्च न्यायालय प्रयागराज ने 30 जनवरी को पुलिस मुठभेड़ों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए थे। इन निर्देशों के अनुसार, यदि अभियुक्त को गंभीर चोटें आती हैं, तो पुलिस पार्टी के मुखिया को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करानी होगी। इसकी विवेचना केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआईडी) द्वारा की जाएगी।

पुलिस से मांगा स्पष्टीकरण

न्यायालय ने पाया कि विवेचक ने उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कोई प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज नहीं की। न्यायालय ने इसे विधि व्यवस्था का उल्लंघन और आदेश की अवमानना माना है। पुलिस मुठभेड़ के मुखिया और पुलिस अधीक्षक को 27 नवंबर तक स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। न्यायालय ने इस आदेश की एक प्रति मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट और पुलिस महानिदेशक उप्र को भी भेजी है।