
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र और पांच साल में 25 लाख युवाओं को नौकरी देने के वादे को लेकर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के चुनावी घोषणा पत्र को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि पार्टी जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सपा 25 लाख युवाओं को नौकरी देने के लिए संसाधन कहां से जुटाएगी, इसका कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।
पांच साल में सपा ने दी थी 1.38 लाख सरकारी नौकरियां
25 लाख नौकरी देने के वादे पर पलटवार करते हुए अनिल राजभर ने कहा कि वर्ष 2007 से 2012 तक सपा ने प्रदेश में सरकार चलाई थी और 2012 के चुनाव में भी नौजवानों से इसी तरह के वादे किए गए थे। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव की पांच साल की सरकार में महज 1.38 लाख सरकारी नौकरियां दी गईं, जबकि भाजपा सरकार के पिछले नौ वर्षों में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। आगे उन्होंने कहा कि सपा के पास सरकार बनाने की संभावना नहीं है, इसलिए पार्टी कुछ भी वादे कर रही है। घोषणा पत्र में यह नहीं बताया गया है कि 25 लाख नौकरियों के लिए धन और संसाधनों की व्यवस्था कैसे होगी। अनिल राजभर ने दावा किया कि सपा ने अपने पिछले चुनावी घोषणा पत्रों में किए गए वादों में से 25 प्रतिशत भी पूरे नहीं किए।
संविधान पर अखिलेश के बयान का भी दिया जवाब
अखिलेश यादव के ‘देश संविधान से चलेगा, मन विधान से नहीं’ वाले बयान पर अनिल राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम कर रही है, जबकि संविधान विरोधी सपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कैबिनेट मंत्री रहे आजम खान ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को भू-माफिया कहा था। इसके साथ ही उन्होंने कन्नौज में बाबा साहब के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज से उनका नाम हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सपा को पहले देश से माफी मांगनी चाहिए।
घोषणा पत्र के 95 प्रतिशत वादे पूरे करने का दावा
हर जिले के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र जारी करने के सपा के प्रस्ताव पर अनिल राजभर ने कहा कि जनता को सपा की किसी भी बात पर भरोसा नहीं है। उन्होंने भाजपा के लोक संकल्प पत्र का हवाला देते हुए दावा किया कि पार्टी ने 95 प्रतिशत से अधिक वादे पूरे कर दिए हैं और शेष चार-पांच प्रतिशत वादे भी अगले एक महीने में पूरे कर लिए जाएंगे। राज्य शिक्षा नीति के सवाल पर उन्होंने कहा कि सपा को पहले राष्ट्रीय शिक्षा नीति के पालन पर बात करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने अपने शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया और अब शिक्षा की बात कर रही है।
रोजगार और कानून व्यवस्था पर सपा को घेरा
सपा शासनकाल में रोजगार और अपराध को लेकर किए जा रहे दावों पर भी अनिल राजभर ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सपा को न संविधान से मतलब है, न नौजवानों, किसानों और महिलाओं से। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की सरकारों में महिलाओं की सुरक्षा संकट में रहती थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की चार बार सरकार रही, लेकिन उसने अपने वादों को पूरा नहीं किया।
कांग्रेस-सपा गठबंधन पर भी साधा निशाना
कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर अनिल राजभर ने कहा कि यह कांग्रेस का ढोंग है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की कोई राजनीतिक हैसियत नहीं है। उनके मुताबिक, सपा चाहे कांग्रेस को कितना भी अपमानित कर ले, कांग्रेस उसका साथ नहीं छोड़ेगी।अंत में अनिल राजभर ने कहा कि सपा का हालिया चुनावी घोषणा पत्र पूरी तरह हास्यास्पद है और जनता उसके वादों से गुमराह होने वाली नहीं है।
