
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा कोचिंग संचालक और उसके चचेरे भाई की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग दो युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो अतरौलिया थाना क्षेत्र के गजेंधरपट्टी भेदौरा गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी पंकज राजभर और उसके चचेरे भाई के साथ मारपीट की गई है। पीड़ित पंकज राजभर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह गांव में कोचिंग सेंटर संचालित करते हैं, जहां बच्चे पढ़ने आते हैं। आरोप है कि उनकी कोचिंग के सामने कुछ लोग मीट काटकर उसका कचरा फेंक देते हैं, जिससे वहां आने-जाने वाले बच्चों को परेशानी होती है। इसको लेकर उन्होंने पहले भी संबंधित लोगों को मना किया था, लेकिन वे आए दिन विवाद और मारपीट पर उतारू हो जाते थे। पंकज के मुताबिक, बीते बृहस्पतिवार को उनके चाचा निरहू राजभर के फसल लगे खेत में विपक्षी जबरन पानी भरने लगे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और मारपीट होने लगी। इसकी जानकारी मिलने पर जब पंकज बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोप है कि विपक्षियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और हंसिये से हमला किया, जिससे उनके सिर में कई जगह गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने अतरौलिया थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने मामले में हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जिसके चलते आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मामले में उचित धाराएं बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो और पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है।
