महाराजगंज। जिले में पिछले एक हफ्ते से तेंदुए के दहशत के साए में लोग जीने को मजबूर हैं। अभी तक लोग बाहर अकेले न‍िकलने से डर रहे थे लेक‍िन अब तेंदुआ कहीं भी घुस रहा है। शनिवार की सुबह लक्ष्मीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझौली में स्थित मस्जिद में तेंदुआ घुस आया। इस दौरान तेंदुए ने चार लोगों पर हमला कर दिया। इसमें वे घायल हाे गए। वहीं तेंदुए को पकड़ने के ल‍िए लोगों ने जाल ब‍िछाया और कड़ी मशक्‍कत कर उसे दबोच ल‍िया। लेक‍िन उसकी मौत हो गई है। तेंदुए की मौत से स्‍थानीय लोगों में डर का माहौल है।

आपको बता दें क‍ि महाराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझौली में स्थित मस्जिद में शनिवार की सुबह पांच बजे नमाज के दौरान एक तेंदुआ घुस आया। उसने नमाजियों पर हमला कर दिया। जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेंदुए के हमले से मस्जिद परिसर में अफरा- तफरी का माहौल हो गया। नमाजियों ने घेराबंदी करते हुए तेंदुए को पकड़ रस्सी से बांध दिया।\

इस दौरान मस्‍ज‍िद परिसर में ही तेंदुए की मौत हो गई। घटना की सूचना वन व‍िभाग और पुल‍िस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारी जांच पड़ताल में जुटे हैं। वहीं तेंदुए के शव को कब्‍जे में ले ल‍िया है और व‍िध‍िक कार्रवाई शुरू कर दी है।

तेंदुए के हमले से घायल हुए लोगों की पहचान साजिद अली, नुरूलहोदा, आसमीन खातून व हैदर अली निवासी मझौली के रूप में हुई है। जिन्हें ग्रामीणों की मदद से सीएचसी लक्ष्मीपुर में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया क‍ि नमाजियों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए मछली मारने वाला जाल लगाया था। जिसमें तेंदुए फंस गया।

मामले की जांच कर रहे वन व‍िभाग के अध‍िकारीसूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए के शव को कब्जे में लिया है। इस मामले में सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर रेंज के रेंजर वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि तेंदुए के शव को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।