रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के पुजारीगंज में बुधवार की रात करीब आठ बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़े ट्रक में एक बाइक जोरदार तरीके से जा टकराई। हादसे में फुलपुर कस्बा निवासी इसरार अहमद (45) पुत्र हाजी मुस्ताक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार इमरान (44) पुत्र वकील और इसरार की पांच वर्षीय पुत्री हानिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि तीनों सरायमीर से फुलपुर की ओर लौट रहे थे। पुजारीगंज के पास खड़े ट्रक से टकराने पर यह दुर्घटना हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को फूलपुर स्थित अस्पताल भेजा गया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।