
रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शनिवार को दोस्तों संग नदी में नहाने गए युवक साहिल (19) की डूबने से मौत हो गई। वह सरायमीर थाना क्षेत्र के पठान टोला का निवासी था। कई दिनों से वह अपने ननिहाल मिर्जापुर गांव में रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक, सरायमीर थाना क्षेत्र के पठान टोला निवासी साहिल पुत्र रईस शनिवार की दोपहर 12.30 बजे आठ दोस्तों के साथ तमसा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। वहीं, साथ में मौजूद दोस्तों ने डूबते देखा तो शोर मचाने लगे, लेकिन कोई उसे बचाने नहीं गया। वहां मौजूद एक बच्चा दौड़ता हुआ साहिल के मामा मुसफीक को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वह गांव के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। वहां मौजूद लोग नदी में उतरेे और उसकी तलाश शुरू कर दी। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। दो घंटे बाद उसका शव नदी से निकाला गया। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक साहिल अपने माता पिता की इकलौती संतान था। निजामाबाद थाना प्रभारी हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।