महाकुंभ नगर। पवित्र त्रिवेणी के तट पर बुधवार को माघी पूर्णिमा के शुभ योग में आस्था, संस्कृति और एकता का महासंगम दिखा। आस्था के इस महासमागम में भक्तों ने पावन संगम में स्नान-ध्यान, दान-पुण्य कर कामना की। 

इस अवसर पर दो करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। स्नानार्थियों की सुविधा के लिए शासन, प्रशासन और पुलिस मुस्तैद रही। स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में अपने आवास स्थित वार रूम से नजर बनाए रखे।

खास-खास

  • 01 माह बाद कल्पवास हुआ समाप्त, अब गृहस्थ जीवन में लौटेंगे कल्पवासी
  • 25 कुंतल पुष्पों की वर्षा पांच राउंड हेलीकॉप्टर से कराई गई श्रद्धालुओं पर
  • 35 आईएएस, 40 आईपीएस, 165 पीसीएस व पीपीएस अफसर रहे लगे
  • 24 घंटे से ज्यादा समय तक चला महाकुंभ में माघी पूर्णिमा का स्नान-ध्यान

संगम तट पर पहुंची असंख्य भीड़ 

पूर्णिमा पर संगम में आस्था का उमड़ता ज्वार दिखा तो उल्लास और उमंग की वह लहरें भी त्रिवेणी में समाती दिखीं, जो अमृतपान की लालसा में न जाने कितने दूर से चली आईं थीं। वैसे तो माघी पूर्णिमा के स्नान का योग मंगलवार शाम 6 बजकर 55 मिनट से प्रारंभ हो गया था, जिससे स्नान तो शुरू हो गया था।

मगर उदया तिथि पर बुधवार सुबह से असंख्य भीड़ संगम तट पर पहुंचने लगी। बुधवार शाम 7 बजकर 22 मिनट तक महास्नान का योग था लेकिन इसके बाद भी देर रात पुण्य की डुबकी लगती रही। दिन भर पावन संगम तट का दृश्य अद्भुत, अप्रतिम, अलौकिक रहा।