
औरैया। हँसी खुशी विवाह संपन्न होने के बाद विदाई की रस्म की जा रही थी। इसी दौरान अचानक दूल्हा कुर्सी से गिर गया। तबीयत ठीक न होने की बात पर कुछ लोग उसे निजी अस्पताल में ले गए। उसके दोबारा गेस्ट हाउस में पहुंचने पर दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। काफी मान मनव्वल के बाद भी नहीं मानी। बिना दुल्हन के बरात लौट गई।
घटना मंगलवार की सुबह कस्बा स्थित एक गेस्ट हाउस में हुई। लोगों के बीच मिर्गी का दौरा पड़ने की चर्चा रही। कस्बा दिबियापुर के एक मुहल्ला से सोमवार की शाम कस्बा बिधूना स्थित एक गेस्ट हाउस में बैंड-बाजा के साथ बरात आई थी। स्वागत सत्कार में वधू पक्ष ने कोई कसर नहीं छोड़ी। द्वारचार के बाद खाना खाया गया और जयमाला की रस्म हुई।
विदाई के समय कुर्सी से गिरा दूल्हा
मंगलवार की सुबह शादी की अन्य रस्म के बाद विदाई के कुछ समय पहले दूल्हा कुर्सी पर बैठा था। अचानक वह नीचे गिर गया। पास में खड़े लोगों ने किसी तरह उसे उठाया और निजी अस्पताल ले गए। वहां से दूल्हा को गेस्ट हाउस ले गए। चर्चा रही कि दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ता है। हालांकि, इस बात की पुष्टि वर व वधू पक्ष से किसी ने नहीं की। घर वाले कहते रहे कि दूल्हा स्वस्थ है लेकिन दुल्हन ने साथ जाने से मना कर दिया।
इस बीच लोगों की वहां भीड़ लग गई। बड़े व बुजुर्ग वधू पक्ष को समझाने का प्रयास करते रहे। कोई बात नहीं बन सकी और बरात बिना दूल्हन के ही लौट गई। बिधूना कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।