आजमगढ़। शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश लखनऊ बीडी पाल्सन आईपीएस ने आईटीसी पुलिस लाइन आजमगढ़ में 557 महिला रिक्रूट आरक्षियों के आधारभूत प्रशिक्षण का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही आरक्षियों से संवाद कर अनुशासन, ड्रिल, स्पोर्ट्स व पीटी की जानकारी ली। इस दौरान उन्हें पौष्टिक भोजन, साफ-सफाई और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही मीडिया पॉलिसी की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया से दूरी बनाने की सीख दी।

एडीजी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कंप्यूटर लैब व लाइब्रेरी को 24 घंटे खुला रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पेडागोजी, आईटीआई और पीटीआई प्रशिक्षकों से भी चर्चा की और उन्हें शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष फोकस करते हुए आधुनिक शिक्षण पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इंडोर अध्यापक गण पीपीटी व वीडियो के माध्यम से पढ़ाई कराएं तथा प्रशिक्षुओं की शंकाओं का समाधान करते रहें।

कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
