आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2025 को लेकर जिले में शनिवार को परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यह परीक्षा आज और 7 कल चार पालियों में आयोजित की जा रही है।

अभ्यर्थियों की जांच करती पुलिस

प्रथम पाली की परीक्षा के लिए तड़के ही अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंच गए थे। जबकि दूसरे जनपदों से आने वाले परीक्षार्थी तो रात से ही आजमगढ़ और आसपास के जिलों में पहुंचने लगे थे। कई परीक्षार्थियों को अपने जिले में केंद्र न मिलने पर दूर-दराज के जनपदों में परीक्षा देनी पड़ रही है। इसके चलते शुक्रवार आधी रात के बाद से ही हजारों परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों की ओर निकल पड़े। रोडवेज बसें और अन्य सवारी वाहन अभ्यर्थियों से खचाखच भरे नजर आए।

सुबह 8 बजे से परीक्षार्थियों को केंद्रों पर कड़ी जांच के बाद प्रवेश की अनुमति दी गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की अलग-अलग लाइनें बनाई गई थीं। महिलाओं की जांच टेंट के अंदर कराई गई, जबकि पुरुषों की पुलिसकर्मियों ने गहन पड़ताल के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

जांच के बाद मिल रहा प्रवेश

बता दें कि पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आजमगढ़ रीजन से 551 बसें चलाई गई हैं। जनपद के सभी 26 केंद्रों पर चार पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। कुल 48,384 परीक्षार्थी (प्रत्येक पाली में 12,096) शामिल हो रहें है। परीक्षा की निगरानी हेतु 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 26 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 9 स्टैटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व रखे गए हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जिला परीक्षा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका नंबर 05462-297477 है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए दो एजेंसियों की भी सेवाएं ली गई हैं, एक सुरक्षा के लिए और दूसरी संचालन हेतु। परीक्षा में 95 प्रतिशत परीक्षार्थी दूसरे जनपदों  के रहने वाले है। प्रत्येक कक्ष अधिकत 24 अभ्यर्थियों को बैठाया गया है।