रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना द्वारा पुलिस लाइन आजमगढ़ में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया गया। उन्होंने परेड की सलामी ली और उपस्थित पुलिस बल की तैयारियों की समीक्षा की। परेड में पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन में तैनात आरक्षियों, मुख्य आरक्षियों, उपनिरीक्षकों, निरीक्षकों, रिक्रूट आरक्षियों व महिला आरक्षियों ने प्रतिभाग किया।
इस परेड में डॉग स्क्वाड एवं ड्रोन कैमरा टीम ने भी भाग लिया, जिनका निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अलग से किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स भी उपस्थित रहे।
एसएसपी हेमराज मीना ने प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों एवं महिला आरक्षियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और उन्हें पुलिस सेवा से जुड़ी आवश्यक जानकारी व दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने प्रशिक्षण स्थल, उपयोग में लाए जा रहे प्रशिक्षण उपकरणों एवं बैरकों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी सुधार के निर्देश दिए। परेड के पश्चात एसएसपी द्वारा मेस, बैरक, आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी कार्यालय, सब्सिडी कैंटीन, नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, गैस एजेंसी, नफीस कार्यालय आदि स्थानों का भी निरीक्षण किया गया और सभी जिम्मेदारों को स्वच्छता, अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने यूपी 112 की दोपहिया व चारपहिया वाहनों की स्थिति का भी मूल्यांकन किया। उन्होंने पाया गया कि कुछ स्थानों पर सुधार की आवश्यकता है, जिस पर प्रभारी यूपी 112 को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
वाहनों की साफ-सफाई, टैबलेट व अन्य तकनीकी उपकरणों की देखरेख, दंगा नियंत्रण उपकरणों की उपलब्धता एवं सही रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष निर्देश दिए।
अंत में एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को हिदायत दी कि वे पूर्ण वर्दी में होकर जनता से मर्यादित एवं मधुर व्यवहार करें, ताकि पुलिस की सकारात्मक छवि बनी रहे और जनविश्वास कायम हो।
