आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के मड़या जयरामपुर में सोमवार की देर रात एक गुमटी की दुकान में चोरी और आगजनी की घटना सामने आई है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मड़या जयरामपुर निवासी दीपक सोनी पुत्र विनोद सोनी ने थानाध्यक्ष सिधारी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी लोहे की गुमटी में हुई चोरी और आगजनी की शिकायत की है। दीपक सोनी का कहना है कि उनकी गुमटी हरबंशपुर पुराने पुल के पास स्थित है, जहां वह हेलमेट और सीट कवर का कारोबार करते हैं।

पीड़ित ने बताया कि सोमवार की रात को वह दुकान बंद कर रोज की तरह घर चला गया। देर रात अज्ञात लोगों ने पहले दुकान में चोरी की और बाद में आग लगा दी। चोरी के बाद उन्हें पुल के नीचे चोरी का सामान पड़ा मिला। इसके बाद, सोमवार की देर रात करीब तीन बजे उन्हें सूचना मिली कि गुमटी में आग लगी है। मौके पर पहुंचे तो गुमटी और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। दीपक ने बताया कि दुकान में लगभग डेढ़ लाख रुपये का सामान और करीब ₹16,000 नकद जल गए। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
