रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़ । जिले के  थाना कप्तानगंज पुलिस ने जमीन बैनामा में फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाता खोलकर धोखाधड़ी करने के मामले में एक और अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अब तक इस प्रकरण में कुल पाँच अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

बीते 26 सितंबर  को कप्तानगंज थाना पुलिस ने तहसील बूढ़नपुर परिसर में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। ये लोग वादी मुकदमा अखिलेश राजभर के चाचा और रिश्तेदारों के नाम पर फर्जी पहचान पत्र (आधार, पैन कार्ड) तथा फर्जी बैंक खाता बनवाकर जमीन का बैनामा कराने का प्रयास कर रहे थे। इस मामले में थाना कप्तानगंज पर  मुकदमा दर्ज हुआ था।

विवेचना के दौरान एक अन्य अभियुक्त अभिषेक यादव उर्फ पप्पू यादव पुत्र स्वर्गीय रामनयन निवासी मुखलिसपुर थाना कप्तानगंज का नाम प्रकाश में आया। रविवार  को उपनिरीक्षक विजय सिंह ने हमराह टीम के साथ पासीपुर पुलिया के पास से उसे सुबह करीब 10:40 बजे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी पक्ष के परिजनों के नाम पर फर्जी पहचान पत्र तैयार करवाए और बैंक खातों के माध्यम से जमीन का बैनामा कर धोखाधड़ी का प्रयास किया था। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय भेज दिया है।