आज़मगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के कलान चौराहा पर बुधवार रात करीब आठ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रामपुर काला गांव निवासी 50 वर्षीय श्रीनाथ ऑटो में बैठे थे और वहीं बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान शाहगंज की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में श्रीनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गालिबपुर निवासी 40 वर्षीय विशाल उर्फ पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने विशाल को गंभीर हालत देखते हुए जौनपुर रेफर किया। इलाज के दौरान देर रात विशाल की भी मौत हो गई। विशाल के पीछे तीन बेटियां और एक बेटा हैं।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे शाहगंज-अकबरपुर मार्ग पर करीब दो घंटे यातायात बाधित रहा। पवई थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ।
