आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र में मोबाइल मांगकर की गई साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई से 60 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराई गई है।
रौनापार थाना क्षेत्र के ग्राम देवरिया निवासी सुखराम प्रजापति, जो दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं, 19 सितंबर 2025 को बाजार में खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात महिला ने फोन करने के बहाने उनका मोबाइल मांग लिया। मानवता के नाते उन्होंने अपना मोबाइल दे दिया। कुछ देर बाद महिला मोबाइल वापस कर चली गई।
24 सितंबर 2025 को जब सुखराम प्रजापति ने अपने बैंक खाते की जांच की तो उनके खाते से 90 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी का पता चला। इसके बाद उनके भाई द्वारा थाना रौनापार में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया। शिकायत पर साइबर टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
साइबर टीम रौनापार/आजमगढ़ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकों से पत्राचार कर फ्रॉडस्टर के एसबीआई खाते में 60 हजार रुपये होल्ड करा दिए। विधिक प्रक्रिया पूरी कर माननीय न्यायालय से आदेश प्राप्त किया गया, जिसके बाद 16 फरवरी 2026 को 60 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।
